1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सम-विषम फॉर्मूला: केजरीवाल ने रेडियो पर मांगा जनता से सहयोग

सम-विषम फॉर्मूला: केजरीवाल ने रेडियो पर मांगा जनता से सहयोग

सम-विषम फॉर्मूला पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता का समर्थन हासिल करने और उनका सहयोग मांगते हुए एक रेडियो संदेश जारी किया है।

kejriwal- India TV Hindi
kejriwal

नई दिल्ली: सम-विषम फॉर्मूला पर मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने जनता का समर्थन हासिल करने और उनका सहयोग मांगते हुए एक रेडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने वादा किया है कि अगर शुरुआती 15 दिनों में लोगों को इससे परेशानी होती है तो इस नियम को खत्म कर दिया जाएगा। मंगलवार से प्रसारित किए जाने वाले इस रेडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने माना है कि सम-विषम नंबर वाली कारों पर बारी-बारी से रोक लगाने से लोगों को कठिनाई हो सकती है, लेकिन शुद्ध हवा के लिए कड़े कदम उठाने के अलावा उनके पास कोई और विकल्प नहीं था।

दिल्ली सरकार की संचालन समिति ने राष्ट्रीय राजधानी में इस फॉर्मूले को लागू करने के लिए विस्तृत योजना बनाई है। अरविन्द केजरीवाल सरकार इस संबंध में विस्तृत योजना तैयार करेगी और जल्दी ही उसे कैबिनेट की बैठक में रखेगी। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संदेश में केजरीवाल ने कहा है कि यह फॉर्मूला उनपर और सभी मंत्रियों पर भी लागू होगा।

दिल्ली के गृहमंत्री सत्येन्द्र जैन ने एक निजी टीवी चैनल से कहा कि सम-विषम का यह फॉर्मूला राष्ट्रीय राजधानी में चलने वाले दोपहिया वाहनों पर लागू नहीं होगा। सत्येन्द्र जैन ने कहा कि सम-विषम फॉर्मूला दिल्ली में चलने वाले निजी वाहनों पर लागू होगा। फिलहाल दोपहिया वाहनों, टैक्सी, ऑटो को इससे बाहर रखा गया है। इस संबंध में जैन आज केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलने वाले हैं।

OLA ने किया दिल्ली सरकार का समर्थन

टैक्सी बुकिंग सेवा देने वाली OLA ने दिल्ली सरकार द्वारा प्रदूषण रोकने के लिए शहर में सम और विषम संख्या के कारों के बारी-बारी से चलाए जाने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ एवं हरित बनाने की पहल का समर्थन करती है।

कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि, ओला स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी सरकार की इस पहल का पूरा समर्थन करेगी।

Latest India News