नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि, देश में असुरक्षा का भाव प्रकट करने वालों पर संदेह करना गलत होगा और सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। केजरीवाल ने कहा कि, न्याय की भावना को लेकर बहस भारत की मौजूदा फॉल्टलाइन है तथा उन्होंने अल्पसंख्यकों के एक वर्ग की ओर से प्रकट किए जा रहे असुरक्षा के भाव का भी हवाला दिया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, अगर कोई असुरक्षित महसूस करता है तो दूसरे लोगों का उसको लेकर कोई इरादा बना लेना और यह कहना गलत है कि वह व्यक्ति झूठ बोल रहा है। उन्होंने कहा, अल्पसंख्यकों का एक तबका जो असुरक्षा का भाव महसूस कर रहा है उसे मैं और आप महसूस नहीं कर रहे हैं। परंतु अगर वे कुछ महसूस कर रहे हैं तो हमें उनकी उस भावना को महसूस करना चाहिए और यह करना हमारा उत्त्तरदायित्व बनता है।
असहिष्णुता वाले बयान को लेकर अभिनेता आमिर खान की सराहना करने वाले केजरीवाल ने कहा कि प्रशासन और सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह सभी लोगों के लिए सुरक्षा और इंसाफ सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा, अगर इंसाफ नहीं होगा तो दूसरी बहुत सारी चीजों का अंत हो जाएगा।
Latest India News