1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दलित पीड़ितो से मिलने गुजरात जाएंगे केजरीवाल

दलित पीड़ितो से मिलने गुजरात जाएंगे केजरीवाल

:दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बीते सप्ताह गोकशी के आरोप में मारपीट के शिकार चार दलित युवकों से मिलने 22 जुलाई को गुजरात जाएंगे।

kejriwal- India TV Hindi
Image Source : PTI kejriwal

नई दिल्ली:दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बीते सप्ताह गोकशी के आरोप में मारपीट के शिकार चार दलित युवकों से मिलने 22 जुलाई को गुजरात जाएंगे। गुजरात के सौराष्ट्र इलाके के गिर-सोमनाथ जिले के उना कस्बे में 11 जुलाई को चार दलित युवकों को गोकशी के आरोप में बुरी तरह पीटा गया था, जिसके बाद गुजरात में विभिन्न जगहों पर दलित समुदाय का गुस्सा फूट पड़ा और विरोध-प्रदर्शनों के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

एक आप नेता ने यहां बुधवार को बताया, "केजरीवाल पीड़ित दलित युवकों से मिलने 22 जुलाई को उना जाएंगे।" दलित युवकों की पिटाई वाला वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पूरे देश में दलित उत्पीड़न को लेकर बहस तेज हो गई है। पीड़ितों का कहना है कि वे मरी हुई गाय की चमड़ी उतार रहे थे और उन्होंने गाय को नहीं मारा था।

केजरीवाल की बीते एक पखवारे में यह दूसरी गुजरात यात्रा होगी। इससे पहले वह नौ जुलाई को सोमनाथ मंदिर गए थे।

गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल बुधवार को पीड़ितों के गांव पहुंचकर उनके घरवालों से मिलीं। पीड़ितों के परिचनों से बातचीत करने के बाद आनंदीबेन ने दावा किया कि गांव के सभी 25 दलित परिवार इस मामले में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से संतुष्ट हैं।

Latest India News