तिरुवनंतपुरम: केरल में कोविड-19 के 5,692 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11.72 लाख हो गई। वहीं 11 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,794 हो गई। स्वास्थ्य मंत्री के.के. शैलजा ने यह जानकारी दी। राज्य में 2,474 मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 11,20,174 हो गई।
मंत्री ने बताया कि सोमवार को 45,417 नमूनों की जाँच हुई और संक्रमण दर 12.73 प्रतिशत रहा। ब्रिटेन से राज्य में लौटा एक व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है। वहां से लौटे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 104 हो गई। राज्य में संक्रमण के सबसे ज्यादा 1,010 नए मामले कोझिकोड जिले से सामने आए हैं।
इसके बाद एर्णाकुलम से 779 और मल्लाप्पुरम से 612 मामले सामने आए हैं। कन्नूर और तिरुवनंतपुरम से क्रमश: 536 और 505 मामले सामने आए हैं। मंत्री ने एक विज्ञप्ति में बताया कि नए संक्रमित मरीजों में 23 स्वास्थ्यकर्मी हैं। राज्य में अभी 47,596 मरीजों का उपचार चल रहा है।
देश के 10 राज्यों में बढ़ा कोरोना
देश के 10 राज्यों- महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और कुल दैनिक मामलों के 83.02 प्रतिशत मामले इन्हीं राज्यों में ही सामने आए हैं। भारत में कोरोना वायरस के दैनिक मामले लगातार बढ़ रहे हैं और पिछले 24 घंटे में संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 1,68,912 मामले सामने आए हैं।
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, केरल, तेलंगाना, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में नए मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 12,01,009 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 8.88 प्रतिशत है। देश में एक दिन में उपचाराधीन लोगों की संख्या में 92,922 मामलों की बढ़ोतरी हुई।
देश के कुल उपचाराधीन मामलों के 70.16 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल में हैं। कुल उपचाराधीन मामलों के 47.22 प्रतिशत केवल महाराष्ट्र में हैं। भारत में संक्रमित होने के बाद अब तक 1,21,56,529 मरीज ठीक हो चुके हैं और रविवार को 75,086 लोग स्वस्थ हुए हैं।
Latest India News