तिरुवनंतपुरम: केरल में एक बार फिर से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। बुधवार को संक्रमण के 11,150 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 48,70,584 हो गई। वहीं, संक्रमण से 82 और मरीजों की मौत होने से मृतक की कुल संख्या बढ़कर 27,084 हो गई। राज्य सरकार ने एक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।
बुलेटिन के मुताबिक, केरल में 14 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन संक्रमण के 10,000 से कम मामले सामने आए थे। इसके मुताबिक, केरल में पिछले 24 घंटे के दौरान 8,592 लोगों के स्वस्थ होने के बाद संक्रमण से उबरे लोगों की संख्या बढ़कर 47,69,373 हो गई है। राज्य में फिलहाल 82,738 मरीज उपचाराधीन हैं। केरल में पिछले 24 घंटे के दौरान 94,151 नमूनों की जांच की गई।
स्कूल खुलने से पहले केरल के स्टार्ट-अप ने बनाया वायरस रोधी मास्क
सरकार द्वारा संचालित केरल स्टार्ट-अप मिशन (केएसयूएम) के तहत वीएसटी आईओटी सोल्यूशंस ने एक विशेष मास्क बनाया है, जो अपनी सतह के संपर्क में आने के पांच सेकेंड के अंदर वायरस को खत्म कर देगा। महामारी के कारण करीब डेढ़ साल के अंतराल के बाद जब स्कूलों को फिर से खोलने की तैयारी की जा रही है, ऐसे समय में इस मास्क प्रासंगिकता बढ़ गई है।
एक बयान में कहा गया कि मुंबई की बीटीएस लैब में परीक्षण की गई एक अनूठी नैनो-कोटिंग तकनीक का उपयोग करके तैयार किया गया यह मास्क प्रभावी साबित हुआ है और इससे प्राथमिक स्तर के छात्रों के लिए अतिरिक्त मदद होगी, जिनके कोविड-19 के दौर में अपेक्षित सामाजिक आचरण में लापरवाह होने की संभावना ज्यादा रहती है।
बताया गया कि एक साल पुराना स्टार्ट-अप क्यूआर-कोड भुगतान प्रणाली के साथ एक आईओटी-आधारित वेंडिंग मशीन भी लेकर आया है, जहां उपयोगकर्ता मास्क को बिना छुए ही निकाल सकता है। वीएसटी आईओटी सोल्यूशंस के अनुसार, ऐसी सुविधा सार्वजनिक स्थानों जैसे होटल, सार्वजनिक पार्क, स्कूल, कॉलेज, हवाई अड्डे, सिनेमा हॉल, मॉल और औद्योगिक स्थानों में भी उपयोगी हो सकती है।
बयान में कहा गया है कि शहर में स्थित इस कंपनी ने एक कीटाणुनाशक विकसित किया है, जो सतह पर लगाने के बाद 24 घंटों तक सक्रिय रहता है।
(भाषा)
Latest India News