A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में कोरोना के 7167 नए केस मिले, 167 मरीजों की हुई मौत

केरल में कोरोना के 7167 नए केस मिले, 167 मरीजों की हुई मौत

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य के 14 जिलों में से एर्णाकुलम में सर्वाधिक 1,046 नये मामले सामने आए। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में 878 जबकि त्रिशूर में कोरोना वायरस संक्रमण के 753 नये मामले दर्ज किए गए।

केरल में कोरोना के 7167 नए केस मिले, 167 मरीजों की हुई मौत- India TV Hindi
Image Source : PTI केरल में कोरोना के 7167 नए केस मिले, 167 मरीजों की हुई मौत

तिरुवनंतपुरम: केरल में रविवार को कोविड-19 (Coronavirus) के 7,167 नये मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 49,68,657 हो गई है। वहीं, 167 मरीजों की मौत के साथ ही कुल राज्य में कुल मृतकों की संख्या 31,681 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। 

विज्ञप्ति के मुताबिक केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 6,439 मरीज संक्रमणमुक्त हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 48,57,181 हो गई है। विज्ञप्ति में बताया कि राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 79,185 हो गयी है। 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य के 14 जिलों में से एर्णाकुलम में सर्वाधिक 1,046 नये मामले सामने आए। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में 878 जबकि त्रिशूर में कोरोना वायरस संक्रमण के 753 नये मामले दर्ज किए गए। 

विज्ञप्ति में कहा गया है कि केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 65,158 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। राज्य में कुल 2,72,248 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें से 7,276 लोग विभिन्न अस्पतालों में बने पृथक-वास में भर्ती हैं।

देश में 247 दिनों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या सबसे कम

देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 12,830 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,42,73,300 हो गई जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,59,272 हो गई जो 247 दिनों में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को अद्यतन आंकड़ों से यह जानकारी मिली। 

सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण से 446 और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,58,186 हो गई है। कोरोना वायरस के नए मामले लगातार 23वें दिन 20,000 से कम हैं और 126 दिन से नए मामले 50,000 से कम हैं। 

मंत्रालय के मुताबिक उपचाराधीन मरीजों की संख्या, संक्रमण के कुल मामलों की 0.46 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है। वहीं, ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.20 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2283 की गिरावट आई है। 

स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 3,36,55,842 हो गई जबकि मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत दर्ज की गई। मंत्रालय के मुताबिक दैनिक संक्रमण दर 1.13 प्रतिशत है जो पिछले 27 दिन से दो प्रतिशत से कम बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर 1.18 प्रतिशत है जो पिछले 37 दिन से दो प्रतिशत से कम बनी हुई है।

Latest India News