1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में 25 अक्टूबर से सिनेमाघर और 18 अक्टूबर से कॉलेज खुलेंगे, ये हैं नए नियम

केरल में 25 अक्टूबर से सिनेमाघर और 18 अक्टूबर से कॉलेज खुलेंगे, ये हैं नए नियम

कॉलेज भी 18 अक्टूबर से केवल उन कर्मियों एवं विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे जिनका पूर्ण टीकाकरण हो चुका है।

केरल में 25 अक्टूबर से सिनेमाघर और 18 अक्टूबर से कॉलेज खुलेंगे, ये हैं नए नियम- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE केरल में 25 अक्टूबर से सिनेमाघर और 18 अक्टूबर से कॉलेज खुलेंगे, ये हैं नए नियम

तिरुवनंतपुरम: केरल सरकार ने शनिवार को ऐलान किया कि केवल 50 फीसदी दर्शकों की अनुमति समेत कुछ शर्तों के साथ 25 अक्टूबर से सिनेमाघर और सभागार (ऑडिटोरियम) फिर से खुल जायेंगे। गौरतलब है कि राज्य में कोविड-19 फैलने के बाद पिछले लगभग डेढ साल से सिनेमाघर और सभागार बंद हैं। लेकिन, अब 25 अक्टूबर से इन्हें खोला जा रहा है।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कोविड-19 मूल्यांकन बैठक में निर्देश दिया गया कि सिनेमाघरों में केवल उन्हें ही प्रवेश की अनुमति होगी, जिन्होंने टीके की दोनों खुराक ले ली हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि कर्मचारियों का भी पूर्ण टीकाकरण होना चाहिए। 

इसमें कहा गया है, ‘‘सिनेमाघरों और सभागारों में केवल 50 प्रतिशत लोगों के बैठने की अनुमति होगी।" इतना ही नहीं, कॉलेज भी 18 अक्टूबर से केवल उन कर्मियों एवं विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे जिनका पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। बैठक में यह भी तय किया गया कि शादियों एवं अंतिम संस्कार में 50 लोग शामिल हो सकते हैं। 

राज्य में कोविड-19 के 13217 नए मामले जबकि 121 मरीजों की मौत हुई

केरल में शनिवार को कोविड-19 के 13,217 नए मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 47,07,936 हो गई। राज्य में इसके अलावा महामारी से 121 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की तादाद बढ़कर 25,303 हो गई है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। वीणा जॉर्ज ने कहा कि केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 96,835 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच हुई। 

विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,41,155 है, जिसमें से केवल 11 प्रतिशत मरीज ही अस्पतालों में भर्ती हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के 14 जिलों में से एर्णाकुलम में सर्वाधिक 1,730 नए मामले सामने आए। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में 1,584 और त्रिशूर में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,579 नए मामले सामने आए। 

केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 14,437 मरीज संक्रमण से मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 45,40,866 हो गई है। राज्य में कुल 4,37,864 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें से 17,308 लोग विभिन्न अस्पतालों में पृथक-वास में हैं।

Latest India News