1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झील की सफाई करने पर जिला कलेक्टर ने खिलाई लजीज बिरयानी

झील की सफाई करने पर जिला कलेक्टर ने खिलाई लजीज बिरयानी

केरल में जिला कलेक्टर ने एक स्थानीय झील को साफ करवाने के लिए ऐसी युक्ति निकाली कि वह चर्चा का विषय बन गई। दरअसल उन्होंने कुछ वालंटियर को झील सफाई करने के एवज में लालच दिया कि अगर वो ऐसा करते हैं तो उन्हें लजीज बिरयानी खाने को दी जाएगी।

n prasanth- India TV Hindi
n prasanth

नई दिल्ली: केरल में जिला कलेक्टर ने एक स्थानीय झील को साफ करवाने के लिए ऐसी युक्ति निकाली कि वह चर्चा का विषय बन गई। दरअसल उन्होंने कुछ वालंटियर को झील सफाई करने के एवज में लालच दिया कि अगर वो ऐसा करते हैं तो उन्हें लजीज बिरयानी खाने को दी जाएगी। उनकी यह तरकीब काम कर गई। पर्यावरण के लिहाज से यह एक ऐसा प्रस्ताव था कि कोई भी इनकार नहीं कर पाया और झील की सफाई हो गई।

दरअसल 8 जनवरी को कोझिकोड जिले के कलेक्टर एन प्रसंथ ने अपने फेसबुक पर एक संदेश पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कोझिकोड के कोयिलांदी क्षेत्र में रहने वाले लोगों से प्रदूषित पिशारइकावु झील को साफ करने की बात कही थी। आपको बता दें कि जिला कलेक्टर के फेसबुक पेज पर 100,000 फालोअर हैं। उन्होंने अपनी इस बात के साथ यह भी लिखा था कि जो भी वालंटियर यह काम करेंगे उन्हें मालाबार डिलेसी की लजीज बिरयानी खिलाई जाएगी। इस शानदार प्रस्ताव से आकर्षित होकर कोयिलांदी क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने 57,000 वर्ग मीटर में फैली इस झील को रिपब्लिक डे वाले दिन साफ कर दिया।

झील के साफ होने के बाद प्रसंथ ने अपने वादे के मुताबिक सभी वालंटियर्स को लजीज बिरयानी का स्वाद चखाया। जिला कलेक्टर ने इस ट्रीट के लिए सूखे से राहत के लिए आवंटित धनराशि का इस्तेमाल किया। इस सफल मुहिम के बाद कोझिकोड जिले के कलेक्टर के फालोअर्स की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है, खासकर के फेसबुक पर जिसे संचार का एक बेहतर माध्यम माना जाता है। वो अपने फेसबुक पेज पर सहज और विनोदपूर्ण भाषा में तमाम घोषणाएं, मोहक प्रस्ताव और स्कीमों के बारे में बात करते हैं। जो लोग भी इन जिला कलेक्टर से बात करते हैं उन्हें प्रसंथ भाई कहकर संबोधित करते हैं और इनके फालोअर्स इन्हें ब्रो और रॉकस्टार कहकर संबोधित करते हैं। प्रसंथ को अक्सर इस बात का श्रेय दिया जाता है कि वो जिले को साफ रखने के लिए तत्पर रहते हैं और आवंटित किए गए पैसे का सही इस्तेमाल करते हैं।

Latest India News