1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लद्दाख में कोरोना वायरस के 56 नए केस, दो और मरीजों की मौत

लद्दाख में कोरोना वायरस के 56 नए केस, दो और मरीजों की मौत

लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमण के 56 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,025 हो गई।

लद्दाख में कोरोना वायरस के 56 नए केस, दो और मरीजों की मौत- India TV Hindi
Image Source : PTI लद्दाख में कोरोना वायरस के 56 नए केस, दो और मरीजों की मौत

लेह: लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमण के 56 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,025 हो गई। संक्रमण से दो और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद बढ़कर 56 तक पहुंच गई है। अधिकारियों ने लद्दाख के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय द्वारा जारी मीडिया बुलेटिन के हवाले से शनिवार को बताया कि 78 और रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है, जिसके बाद उपचाराधीन रोगियों की कुल संख्या 998 रह गई है। 

अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 से संबंधित मौत के दो नए मामले करगिल से सामने आए हैं, जिसके बाद मृतकों की तादाद बढ़कर 33 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि लेह जिले में 601 जबकि करगिल जिले में 397 लोग अब भी वायरस से संक्रमित हैं। केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख में अब तक कुल 2,971 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं।

वहीं, पूरे देश की बात करें तो दुनियाभर में कोरोना वायरस के एक बार फिर बढ़ते मामलों के बीच भारत में कुछ राहत है, देश में कोरोना वायरस के नए मामले जिस रफ्तार से आ रहे हैं उससे ज्यादा तेजी से लोग ठीक हो रहे हैं और यही वजह है कि देश के कुल कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या लगातार कम हो रही है। हालांकि, अभी भी देश में बहुत बड़ी संख्या में कोरोना के एक्टिव मामले हैं और रोजाना कोरोना की वजह से 1000 से ज्यादा लोग जान गंवा रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे से लेकर शनिवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 85326 नए मामले सामने आए हैं और कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 59,03,896 तक पहुंच गया है। कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कुल 93379 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 48,49,548 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 82.14 प्रतिशत तक पहुंच गया है। क्योंकि कोरोना से ठीक होने वाले लोग ज्यादा है और नए मामले कम ऐसे में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 960969 रह गई है। पिछले 8 दिनों में सिर्फ 1 दिन एक्टिव केस बढ़े हैं और बाकी 7 दिन इनमें कमी आई है। लेकिन सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1089 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 93379 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, शुक्रवार को देशभर में 13.41 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 7.03 करोड़ को पार कर चुका है।

Latest India News