1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लातूर में सूखे का कहर, पानी के लिए लाइन में खड़ी महिला की मौत

लातूर में सूखे का कहर, पानी के लिए लाइन में खड़ी महिला की मौत

महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित जिले लातूर में पानी लेने के लिए लाइन में खड़ी 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।

water collection by women- India TV Hindi
water collection by women

मुंबई: महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित जिले लातूर में पानी लेने के लिए लाइन में खड़ी 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि केवलबाई कांबले चाकूर तहसील के अटोला गांव में एक बोरवेल से पानी लेने के लिए दो घंटे से लाइन में खड़ी थी कि तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे लातूर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा था कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा जिले में हालात 'भयंकर' हैं। केंद्र व राज्य सरकार, दोनों ही हालात से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। महाराष्ट्र सरकार ने आठ जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। उन्होंने कहा कि 2,306 गांवों की हालत बेहद गंभीर है।

इससे पहले भीषण सूखे की मार से पानी के लिए तरसते लातूर के लोगों को 'जलदूत' और 'वॉटर एक्सप्रेस' के जरिए पानी पहुंचाया गया था।

केजरीवाल ने भी की थी मदद की अपील

केजरीवाल ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर लातूर में ट्रेन से पानी भेजे जाने के काम की सराहना करते हुए कहा दिल्ली भी इस काम सहयोग करना चाहती है। अगर पीएम पानी भेजने का इंतजाम करवा दें तो हम भी लातूर में मदद के लिए पानी भेजने को तैयार हैं। साथ ही चिट्ठी में केजरीवाल ने पीएम को कहा है कि दिल्ली भी इस काम में सहयोग करना चाहती है इसलिए पीएम अगर पानी भेजने का इंतजाम करवा दें तो दिल्ली पानी देने को तैयार है।

Latest India News