श्रीनगर: अशांत कश्मीर घाटी धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रही है। श्रीनगर में रोजमर्रा के काम-काज के लिए घर से बाहर निकलने वालों की संख्या बढ़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह अधिकारियों द्वारा पूरे शहर से कफ्र्यू हटाने के बाद श्रीनगर के गैर-व्यावसायिक इलाके और व्यावसायिक केन्द्र लाल चौक में बसों को छोड़कर सड़कों पर चलने वाले निजी एवं सार्वजनिक वाहनों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि इस समय जारी विरोध प्रदर्शनों में थकान के संकेत दिख रहे हैं, जबकि अलगाववादियों की ओर से प्रायोजित हड़ताल के समाप्त होने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। अलगाववादियों ने 13 अक्तूबर तक के लिए हड़ताल की घोषणा की है। अलगाववादियों ने कल यहां स्थानीय संयुक्त राष्ट्र कार्यालय तक रैली निकालने का आह्वान किया है।
घाटी के तीन जिलों अनंतनाग, बारामुला और श्रीनगर में यह रैली आज करने का घोषणा की है। कश्मीर में आज कहीं भी लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, लेकिन कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है।
Latest India News