रूद्रपुर. उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने 14 जुलाई की मध्यरात्रि तक लॉकडाउन लगा दिया है। काशीपुर के उपजिलाधिकारी गौरव कुमार के आदेश से लागू लॉकडाउन का पालन करवाने के लिए प्रशासन सड़कों पर उतर गया है तो दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के नेतृत्व में निषिद्ध क्षेत्र में लोगों की रैपिड एंटीजन जांच कर रही है।
इसकी वजह से कल शाम से रविवार दोपहर तक काशीपुर नगर निगम के एक पार्षद सहित 17 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। स्थानीय प्रशासन ने काशीपुर में नौ निषिद्ध क्षेत्र बनाये हैं। कोरोना वायरस से संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए एक होटल को कोविड-19 मरीज देखभाल केंद्र में तब्दील किया गया है।
जिले के सीएमओ डॉ.देवेंद्र सिंह पंचपाल ने बताया कि अगर जरूरत पड़ती है तो काशीपुर में और भी कोविड-19 मरीज देखभाल बनाए जायेंगे। काशीपुर नगर निगम के पार्षद के रैपिड एंटीजन जांच में कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम आनन-फानन में 100 किट के साथ नगर निगम के सभागार में पहुंची जहां सभी पार्षदों और नगर निगम के कर्मियों ने अपना कोविड-19 जांच करवाया। नगर निगम की महापौर उषा चौधरी की रिपोर्ट निगेटिव आयी है।
Latest India News