वाराणसी: बनारस में एक रूस की एक 23 साल की महिला पर उसके प्रेमी ने कथित रूप से तेज़ाब से हमला कर दिया, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला को इलाज के लिए बीएचयू के सुंदर लाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके शरीर एवं चेहरे के ज़ख्मों का इलाज चल रहा है। आरोपी सिद्धार्थ फरार हो गया।
किराए के मकान में रहती थी रूसी महिला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुल्हारी ने बताया कि यह घटना लंका थानाक्षेत्र की नंद नगर कॉलोनी में हुई जहां महिला पिछले कुछ महीने से किराये के मकान में रह रही थी। उसी दौरान उसकी मकान मालिक के बेटे सिद्धार्थ से नजदीकियां बढ़ीं, जो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में संगीत का छात्र है।
प्रेमिका के रूस लौटने के फैसले से नाराज़ था सिद्धार्थ
कुल्हारी ने कहा, महिला के रूस लौटने के फैसले से सिद्धार्थ नाखुश था। दोनों के बीच इसी बात पर झगड़ा हो गया जिसके बाद सिद्धार्थ ने उसके शरीर पर तेजाब फेंक दिया।
महिला की चीख सुनकर सिद्धार्थ की मां उसे ले गई अस्पताल
सिद्धार्थ की मां को महिला की चीख सुनाई दी और वह उसे अस्पताल ले गयीं। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया है और वह जांच में जुट गयी है।
Latest India News