1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख ने खड़से के खिलाफ आरोपों को राजनीतिक बताया

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख ने खड़से के खिलाफ आरोपों को राजनीतिक बताया

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एकनाथ खड़से के खिलाफ लगे आरोपों पर जहां उनके भविष्य को लेकर कयासबाजी तेज है वहीं राज्य भाजपा इकाई के प्रमुख राव साहब दानवे ने आरोप साबित होने तक उनके खिलाफ पार्टी की तरफ से कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।

Eknath Khadse- India TV Hindi
Eknath Khadse

पुणे: महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एकनाथ खड़से के खिलाफ लगे आरोपों पर जहां उनके भविष्य को लेकर कयासबाजी तेज है वहीं राज्य भाजपा इकाई के प्रमुख राव साहब दानवे ने आरोप साबित होने तक उनके खिलाफ पार्टी की तरफ से कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। खड़से के खिलाफ आरोपों को राजनीतिक बताते हुए दानवे ने कहा कि पार्टी ने उनके प्रति सतर्क रूख अपना रखा है और हमारा मानना है कि इसमें कोई तथ्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि अगर उनके खिलाफ अदालत में आरोप साबित हो जाते हैं तो कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि राज्य कैबिनेट से उन्हें हटाने के लिए पार्टी आलाकमान की तरफ से कोई दबाव नहीं है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुरुवार को हुई मुलाकात के बारे में पूछने पर दानवे ने कहा, मुख्यमंत्री ने अपनी रिपोर्ट शाह को सौंप दी। लेकिन उसका यह मतलब नहीं है कि रिपोर्ट खड़से के खिलाफ है। यह उनके पक्ष में भी हो सकती है। भाजपा के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की दूसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने जालना आए दानवे ने संवाददाताओं से कहा कि चूंकि राजस्व मंत्री के खिलाफ आरोपों में कोई तथ्य नहीं है इसलिए किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं हैं।

Latest India News