मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने विवादास्पद इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक पर तैयार रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी है। कथित भड़काऊ भाषण देने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों पर मुंबई पुलिस ने जांच रिपोर्ट तैयार की थी। महाराष्ट्र सरकार के एक आला अधिकारी ने जांच रिपोर्ट केंद्र को भेजने की पुष्टि की है। यह रिपोर्ट इस महीने की शुरुआत में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को सौंपी गई थी जो कि राज्य की होम मिनिस्ट्री भी संभाल रहे हैं।
दो दिन पहले रिपोर्ट भेजी
अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) केपी बख्शी ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई पुलिस द्वारा राज्य सरकार को सौंपी गयी रिपोर्ट मराठी में थी। इस 71 पन्नों की रिपोर्ट का अनुवाद अंग्रेजी में किया है और इसे दो दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके निष्कर्षों से राज्य के कानून और न्यायपालिका विभाग को भी अवगत करा दिया गया है और 50 वर्षीय जाकिर नाइक के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने पर विचार मांगे गये हैं।
ऑनलाइन भाषणों की हुई जांच
पुलिस से नाइक के पहले दिये गये और ऑनलाइन उपलब्ध भाषणों की जांच करने को कहा गया था और यह पता लगाने को कहा गया था कि क्या इनमें से किसी ने युवाओं को आतंकवादी संगठनों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इस तरह की खबरें थीं कि नाइक के भाषणों से एक जुलाई को बांग्लादेश में ढाका के एक कैफे पर हमला करने वाले कुछ हमलावर प्रभावित थे। इस हमले में 22 लोग मारे गये थे।
Latest India News