जयपुर: देश में चल रहीं 26 जनवरी की तैयारियों के बीच राजस्थान के डुडू क्षेत्र की ताजा घटना ने हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के मुताबिक महात्मा गांधी की मूर्ति पर किसी ने न सिर्फ कालिख पोती बल्कि ISIS जिंदाबाद के नारे लिख क्षेत्र में दहशत फैला दी है। इतना ही नहीं गांधी प्रतिमा पर यह भी लिखा गया है कि 26 जनवरी को तबाही का मंजर देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि इससे पहले खुफिया एजेंसियों को खबर मिली थी कि गणतंत्र दिवस के दिन आतंकी संगठन ISIS भारत में बड़ा हमला कर सकता है।
इस खबर के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक गांधी जी की प्रतिमा पर आईएसआईएस जिंदाबाद के नारे लिखे गए हैं। गांधी जी की यह प्रतिमा जयपुर के डुडू के मौजमाबाद में लगी हुई है। माना जा रहा है कि कुछ संदिग्ध लोगों ने गांधी जी की प्रतिमा पर कालिख पोत आईएस जिंदाबाद के नारे लिख दिए थे। इस घटना के बाद नाराज लोगों ने स्थानीय बाजार बंद कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को इस बारे में बताया गया और पुलिस ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है। जयपुर के आईजी डी सी जैन ने बताया कि इस मामले में प्रयास जारी कर दिए गए हैं। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मूर्ति के पिछले हिस्से में संदेश लिखे गए हैं और 26 जनवरी को हमले की बात भी लिखी गई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
Latest India News