नई दिल्ली: बुराड़ी के लेबर चौक पर एक शख्स ने 21 साल की एक लड़की की चाकू गोदकर ह्त्या कर दी। आरोपी ने लड़की पर 30 बार चाकू से वार किया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि युवती की पहचान हो गई है, वह बुराड़ी की रहनेवाली है और एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिस वक्त आरोपी लड़की पर चाकू से वार कर रहा था आसपास काफी लोग मौजूद थे लेकिन लड़की को बचाने कोई आगे नहीं आया।
स्कूल जाते वक्त किया हमला
बताया जाता है कि लड़की रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। लेबर चौक पर पहुंचते ही आरोपी सुरेंद्र मलिक ने लड़की पर हमला बोल दिया। पहले तो उसने लात-घूसों से वार किया फिर चाकू से वार करने लगा। सुबह साढ़े नौ बजे वारदात के वक्त वक्त लेबर चौक पर काफी लोग मौजूद थे लेकिन कोई बचाने नहीं आया। लड़की को आईएसबीटी स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में कुछ लोगों ने आरोपी सुरेंद्र की पिटाई कर दी जिससे वह घायल हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हमले की वजह
बताया जाता है कि लड़की और आरोपी सुरेंद्र पहले पड़ोसी थे। कुछ महीने पहले ही लड़की का परिवार सुरेंद्र के पड़ोस से कहीं और शिफ्ट हो गया था। आरोपी सुरेंद्र पहले भी लड़की को परेशान करता था जिसकी शिकायत लड़की ने परिवारवालों से की थी। दोनों परिवारों के बीच इस पर सहमति हुई थी आगे से सुरेंद्र लड़की को परेशान करने की कोशिश नहीं करेगा। हालांकि हमले की वजह अभी-भी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
उधर राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े हुई इस घटना को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी गंभीरता से लिया है। गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पूरी घटना पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है।
Latest India News