1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मणिपुर: मंत्रियों ने दी सामूहिक इस्तीफे की धमकी

मणिपुर: मंत्रियों ने दी सामूहिक इस्तीफे की धमकी

मणिपुर के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह को चेताया है कि अगर उन्होंने असंतुष्ट विधायकों को संतुष्ट करने के लिए किसी एक भी मंत्री को हटाया, तो वे सब इस्तीफा दे देंगे।

IBOBI SINGH- India TV Hindi
IBOBI SINGH

इंफाल: मणिपुर के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह को चेताया है कि अगर उन्होंने असंतुष्ट विधायकों को संतुष्ट करने के लिए किसी एक भी मंत्री को हटाया, तो वे सब इस्तीफा दे देंगे। मंत्रियों ने यहां अपनी एक बैठक में यह फैसला लिया और इससे मुख्यमंत्री को इससे अवगत कराया।

एक मंत्री ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया, "अगर किसी भी मंत्री को हटाया गया, तो हम सब सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।" मंत्रियों की ओर से मिली यह चेतावनी मुख्यमंत्री इबोबी के सामने एक नई समस्या है, जो पहले से ही कांग्रेस विधायक दल में अंदरूनी कलह से जूझ रहे हैं।

यह नया संकट गुरुवार रात सामने आने के बाद इबोबी ने शुक्रवार का अपना दिल्ली दौरा रद्द कर दिया। उन्हें शुक्रवार को उन मंत्रियों की एक सूची देने नई दिल्ली जाना था, जिन्हें हटाकर नए चेहरों को शामिल किया जाएगा।

इस बीच पर्वतीय क्षेत्र समिति के अध्यक्ष चार्लटोलियन एमो ने मणिपुर कांग्रेस इकाई के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों ने कहा है कि एमो, गैखंगम को हटाकर उनकी जगह टी.एन. हाओकिप को मणिपुर कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने से खफा हैं।

असंतुष्ट विधायक अपनी इस मांग पर अड़े हुए हैं कि 12 में से एक (मुख्यमंत्री) को छोड़कर बाकी 11 को मंत्री पद से हटाया जाए। ऐसी मांग मणिपुर के इतिहास में पहली बार उठाई गई है। एक असंतुष्ट विधायक ने आईएएनएस से कहा कि मुख्यमंत्री जिसे भी नया मंत्री बनाएंगे, उन्हें उसमें कोई आपत्ति नहीं होगी।

Latest India News