रांची: रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने आज रांची में पहाड़ी मंदिर के पास सबसे उंचे खंभे पर देश के सबसे विशाल तिरंगे झंडे को फहराया। पर्रिकर ने रांची में कहा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 119वीं जयंती पर देश के सबसे लंबे, सबसे बड़े और सबसे खूबसूरत तिरंगे झंडे का ध्वजारोहण करके मैं गर्वित महसूस कर रहा हूं। झंडा 66 फुट लंबा, 99 फुट चौड़ा है जिसे 293 फुट उंचे खंभे पर फहराया गया।
कल तक फरीदाबाद में 250 फुट उंचे खंभे पर लहरा रहा 96 फुट गुणा 64 फुट परिमाप वाला झंडा भारत का सबसे विशाल और लंबा तिरंगा झंडा था। इसे पिछले साल फहराया गया था।
पहाड़ी मंदिर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर झंडा फहराने के बाद बिरसा मुंडा स्टेडियम में छात्रों के एक समूह को संबोधित करते हुए पर्रिकर ने झारखंड और राज्य के मुख्यमंत्री रघुबर दास को उन्हें यह शानदार मौका देने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
इस मौके पर झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री, उनके कैबिनेट के सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Latest India News