विशाखापत्तनम: विशाखापत्तनम विशेष आर्थिक क्षेत्र :वीसेज: की जैव डीजल उत्पादन इकाई में कल शाम लगी आग अब तक काबू में नहीं आई है और इसे नियंत्रित करने के लिए प्रयास जारी हैं। घटनास्थल पर मौजूद विशाखापत्तनम के जिला कलेक्टर एन युवराज ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए नौसेना, विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र और पोर्ट ट्रस्ट के लगभग 40 दमकल वाहन पूरी कोशिश कर रहे हैं।
यहां दुवाडा क्षेत्र स्थित बायोमैक्स फ्यूल्स लिमिटेड कंपनी के परिसर में कल शाम लगभग साढ़े सात बजे आग लगी थी। उन्होंने कहा कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि आग भंडारण क्षेत्र में लगी और दुर्घटनास्थल के आसपास कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। बायोमैक्स फ्यूल्स लिमिटेड के वीसेज में मौजूद कच्चे पदार्थों से बायो-डीजल उत्पादन की क्षमता पांच लाख टन की है।
आग लगने के समय फैक्टरी में 15 कर्मचारी काम कर रहे थे और सभी के सभी समय रहते बाहर आ गए थे और सभी सुरक्षित हैं। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस आग में करीब 120 करोड़ का नुकसान हुआ है। हर टैंकर में 3000 लीटर पदार्थ की क्षमता है और सभी टैंकर 30-70 प्रतिशत तक भरे हुए थे।
राज्य के मंत्री गंटा श्रीनिवास राव मौके पर गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दमकल विभाग के सतर्कता की वजह से छह टैंकों का नुकसान होने से बचा लिया गया है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबु नायडु ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है। इतना ही नहीं उन्होंने नौसेना के अधिकारियों से भी बात की है। नौसेना के क्षेत्र के कमांडर रवींद्र ने कहा कि हमने आठ दमकल की गाड़ियों को भेजा है।
Latest India News