मथुरा: जनपद में पुलिस ने प्रबंधन कॉलेज के एक छात्र के पास से खाड़ी देशों के लोगों के लिए बनाये गये 160 जाली पासपोर्ट के साथ-साथ नकली कागजात बनाने वाले लैपटाप, मोहरें, एक लैंडलाइन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ में जुटी हैं। वे खासतौर पर उसके खाड़ी एवं अन्य देशों से संबंध जानने की कोशिश कर रही हैं। पकड़ा गया छात्र बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है। छाता कोतवाली प्रभारी यशकांत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संस्कृति कॉलेज आफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र विकास कुमार सिंह ने कॉलेज के हॉस्टल में कमरा मिलने के बावजूद भी कस्बे के एक निजी लॉज में कमरा किराए पर ले रखा था।
वह वहीं पर नकली पासपोर्ट तैयार किया करता था लेकिन रविवार की शाम जब उसने शराब के नशे में लॉज के साथियों पर रौब जमाने के लिए खुद ही अपनी पोल खोल दी तो उन लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी लॉज मालिक को दे दी। लॉज के मालिक ने पुलिस को जानकारी दे दी और इस मामले का खुलासा हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में पासपोर्ट मिलने से लगता है कि यह मामला कबूतरबाजी का हो सकता है किंतु पुलिस के साथ साथ अन्य खुफिया एजेंसियां भी उससे लगातार पूछताछ कर रही है ।
उसके विरूद्ध भादसं की विभिन्न धाराओं पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है । उसे आज न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा । उन्होंने बताया कि पुलिस हर प्रकार की संभावनाओं के मद्देनजर मामले की जांच कर रही है । प्रदेश में एक जासूसी रैकेट पकड़े जाने के बाद पुलिस इस मामले में खासी सतर्कता बरत रही है। वह यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विकास का किसी आतंकी संगठन अथवा उनके लिए काम करने वालों से तो कोई संबंध नहीं है ।
Latest India News