1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. MCD कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मिलेगी 31 जनवरी तक की सैलरी

MCD कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मिलेगी 31 जनवरी तक की सैलरी

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एमसीडी हड़ताल के समाधान की आज घोषणा की जाएगी और उम्मीद जताई कि इससे हर कोई संतुष्ट होगा और जिस प्रदर्शन के कारण महानगर की

kejriwal- India TV Hindi
kejriwal

नई दिल्ली: आठ दिन से हड़ताल कर रहे एमसीडी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली सरकार जल्द उन्हें 31 जनवरी तक के वेतन का भुगतान करेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने एमसीडी को 550 करोड़ का लोन दिया है। उन्होंने कहा कि एमसीडी में घोटाला हुआ है।

इससे पहले केजरीवाल ने कहा था कि एमसीडी हड़ताल के समाधान की घोषणा की जाएगी और उम्मीद जताई थी कि इससे हर कोई संतुष्ट होगा और जिस प्रदर्शन के कारण महानगर की सेवाएं चरमरा गई हैं उनका अंत होगा।

बेंगलुरू में नैचुरोपैथी का उपचार करा रहे केजरीवाल ने ट्वीट किया था, ‘हमने एमसीडी हड़ताल का समाधान ढूंढने का प्रयास किया है। इसकी घोषणा हम तीन बजे करेंगे। उम्मीद है कि इससे हर कोई संतुष्ट होगा और हड़ताल खत्म हो जाएगी।’ केजरीवाल की घोषणा पर प्रतिक्रिया जताते हुए श्रमिक संगठनों के नेताओं ने कहा था कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि मुख्यमंत्री नगर निकाय में वेतन संकट का कोई स्थायी समाधान पेश कर सकेंगे।

कामगारों ने आज भी राजधानी की मुख्य सड़कों पर जाम लगाया जिससे व्यस्त समय में यातायात बाधित रहा जबकि दिल्ली सरकार ने कहा कि जिस प्रदर्शन से महानगर त्रस्त है वह राजनीतिक है और इसे भाजपा ने उकसाया है।

सफाई कर्मियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 और विकास मार्ग सहित विभिन्न हिस्से में बड़े रास्तों को जाम कर दिया जिससे लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने सड़कों पर कूड़ा फैला दिया और टायर जलाए। उपराज्यपाल नजीब जंग ने आप सरकार से कल अनुशंसा की कि वह नगर निकायों को सशर्त रिण दे और उन्होंने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की।

Latest India News