नई दिल्ली: सउदी अरब में पिछले महीने हज के दौरान हुई भगदड़ में मरने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है जबकि कई नागरिक अभी भी लापता हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह लापता भारतीय नागरिकों की सउदी अरब के अधिकारियों द्वारा पहचान प्रक्रिया के लिए सउदी अरब में हैं। उन्होंने कहा कि भगदड़ के मृतकों में से सात और भारतीयों की पहचान हुई है जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है।
उन्होंने कहा, मंत्री ने सभी भारतीय हाजियों की पहचान के लिए सउदी अरब के स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि कई गुमशुदा मामले अभी भी भारतीय मिशन के पास लंबित हैं और उनका समाधान तभी हो सकता है जब पहचान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। सिंह को सउदी अरब के मंत्री ने पूरा सहयोग का आश्वासन दिया है। प्रवक्ता ने इस दुर्घटना में लापता भारतीयों की संख्या नहीं बतायी और कहा कि यह अभी संभव नहीं है।
Latest India News