1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं महबूबा मुफ्ती

जम्मू-कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं महबूबा मुफ्ती

PDP को एक क्षेत्रीय ताकत के रूप में तब्दील करने वालीं जमीनी स्तर की लोकप्रिय नेता महबूबा मुफ्ती अपने प्रख्यात पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए जम्मू-कश्मीर की कमान अपने हाथ में ले चुकी हैं।

mehbooba mufti sworn in a chief minister of jammu and...- India TV Hindi
mehbooba mufti sworn in a chief minister of jammu and kashmir

जम्मू: पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) को एक क्षेत्रीय ताकत के रूप में तब्दील करने वालीं जमीनी स्तर की लोकप्रिय नेता महबूबा मुफ्ती अपने प्रख्यात पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए जम्मू-कश्मीर की कमान अपने हाथ में ले चुकी हैं। वह इस राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। विधि स्नातक महबूबा (56) ने अपने पिता के साथ वर्ष 1996 में कांग्रेस से जुड़कर मुख्यधारा की राजनीति में कदम रख दिया था। उस समय आतंकवाद अपने चरम पर था।

PDP के प्रसार का श्रेय महबूबा को दिया जाता है। कुछ पर्यवेक्षकों का तो यह तक मानना है कि आम जनता और विशेषकर युवाओं को अपने साथ जोड़ने के मामले में वह अपने पिता से भी आगे निकल गईं। उन पर नरम-अलगाववादी कार्ड खेलने का भी आरोप लगता रहा है।

PDP ने अपनी पार्टी के झंडे के लिए हरे रंग का चयन किया और अपने चुनाव चिन्ह के रूप में उसने वर्ष 1987 के मुस्लिम यूनाइटेड फ्रंट के कलम-दवात को ही चुना। एक-दूसरे से पूरी तरह विपरीत विचारधारा रखने वाले दो दलों पीडीपी और BJP के गठबंधन से गठित सरकार का नेतृत्व महबूबा के लिए चुनौतीपूर्ण है क्योंकि वह अपने पिता की मरहम लगाने की विरासत को आगे ले जाने की पूरी कोशिश करेंगी।

दो बेटियों की मां महबूबा की छवि एक दबंग नेता की है और उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपने गृहक्षेत्र बिजबेहड़ा से जीता था।

Latest India News