1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में आतंकवादियों का सहयोगी गिरफ्तार, हथगोला बरामद

जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में आतंकवादियों का सहयोगी गिरफ्तार, हथगोला बरामद

जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक हथगोला बरामद किया।

Militant associate held in Jammu and Kashmir Pulwama; grenade seized- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE Militant associate held in Jammu and Kashmir Pulwama; grenade seized

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक हथगोला बरामद किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक गोपनीय सूचना पर सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर जिले में त्राल क्षेत्र के सैयदाबाद गांव में एक घर की तलाशी ली। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्लास्टिक के एक जार में छुपाकर रखा गया, चीन निर्मित एक हथगोला बरामद किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि घर के मालिक अमीर अशरफ खान को गिरफ्तार कर त्राल पुलिस थाने ले जाया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।

जम्मू कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ 

जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों को शोपियां के कनिगाम क्षेत्र में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। अंतिम समाचार मिलने तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है और विस्तृत ब्यौरा अभी नहीं मिला है। 

पाक ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, दो पोटर्स घायल

नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर लगातार संघर्ष विराम उल्लंघन जारी रखते हुए पाकिस्तान ने फिर से जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार को भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की, जिसमें दो सेना के पोटर्स घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान ने शुक्रवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सेना की बांदी पोस्ट को निशाना बनाया। 

सूत्रों ने कहा, "पाकिस्तान द्वारा गोलीबारी में अल्ताफ हुसैन और मोहम्मद सुलेमान के रूप में पहचाने जाने वाले सेना के लिए काम करने वाले दो पोटर्स घायल हो गए। घायल पोर्टरों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।" आपको बता दें, पोटर्स वो होते हैं, जो सेना के सहयोगी के तौर पर उनका समान उठाने का काम करते हैं। खासतौर से पहाड़ी इलाकों में।

इस साल की शुरूआत से ही पाकिस्तान साल 1999 में दोनों देशों द्वारा हस्ताक्षरित द्विपक्षीय युद्धविराम समझौते का लगातार उल्लंघन करता आ रहा है। जम्मू एवं कश्मीर में इस साल एलओसी पर पाकिस्तान द्वारा करीब 3,200 बार संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया है, जिसमें 30 नागरिक मारे गए हैं और 102 से अधिक घायल हुए हैं।

Latest India News