इन्दौरः देवास शहर में एसपी बंगले के बाहर दिन दहाड़े एक कंट्रक्शन कम्पनी के कर्मचारी को चाकू मार कर बदमाश साढ़े छह लाख से अधिक रुपए लूट ले गए। कर्मचारी एक निजी बैंक से पैसा निकालकर वापस ऑफिस जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। मेढ़की रोड पर मदन लाल चौधरी कंट्रक्शन कम्पनी है। कम्पनी का कर्मचारी तिल्ला राम सुबह करीब सवा 10 बजे विशाल मेगा मार्ट के पास स्थित एक्सीस बैंक की शाखा से 6 लाख 35 हजार रुपए निकाल कर कम्पनी जा रहा था। सिविल लाइन क्षेत्र में घुसते ही एसपी बंगले के पास एक मोटर साइकिल में आए दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। इतने में पीछे से उसपर लाठी और चाकू से हमला किया गया और आगे खड़े बदमाशों ने उसके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीना और रफ्फू चक्कर हो गए। इस घटना की शिकायत तत्काल सिविल लाइन थाने में की गई।
शहर की नाके बन्दी कर पुलिस ने बदमाशों की खोज शुरु कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवास राजेश रघुवंशी ने बताया कि बदमाशों की संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन इतना जरुर पता चला है कि वे दो मोटर साइकिल में थे। सम्भवतः वे चार से पांच की संख्या में हो सकतें है। आसपास के क्षेत्रों में लगें सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकालकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Latest India News