लखनउ: सपा नेता तोताराम यादव महिलाओं पर कल दिए गए अपने विवादित बयान से पलट गए और ऐसा कोई भी बयान देने से साफ इनकार किया।
उत्तर प्रदेश प्रोसेसिंग एन्ड कान्स्ट्रक्शन कोआपरेटिव लिमिटेड :पैक्सफेड: के अध्यक्ष तोताराम यादव ने बलात्कार संबंधी कल की गयी। अपनी टिप्पणी पर आज कहा, बलात्कार कहां होता है। यह यहां उत्तर प्रदेश में तो होता नहीं, मैंने कोई बयान नहीं दिया है।
गौरतलब है कि मैनपुरी जिला कारागार का निरीक्षण करने के बाद कल तोताराम ने वहां संवाददाताओं के सवाल के जवाब में कहा था, बलात्कार क्या होता है... बलात्कार जैसा कुछ नहीं होता हैा बलात्कार लड़का-लड़की की आपसी सहमति से होता है।
उन्होंने साथ ही यह भी कहा था कि बलात्कार दो तरह के होते हैं... पहला जबरदस्ती और दूसरा आपसी सहमति से।
समाजवादी पार्टी ने तोताराम के बयान पर सख्त रूख अपनाने का संकेत देते हुए कल ही एक बयान जारी करके कहा, हम ऐसे बयान की निंदा करते हैं.... पार्टी की सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए बहुत सी योजनायें शुरू की हैं... महिला उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन 1090 सेवा शुरू की है। पार्टी इस संबंध में कठोर कार्रवाई करेगी।
पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया था कि तोताराम पैक्सफेड के अध्यक्ष तो है, मगर उन्हे राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त नहीं है।
Latest India News