गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में सरेआम एक लड़की को ऑटो में बैठे चार लड़कों ने किडनैप कर लिया। किडनैपर्स लड़की को काफी दूर लेकर गए और फिर करीब 36 घंटे बाद उसे हरियाणा के एक रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। दीप्ति नाम की ये लड़की सुरक्षित अपने घर पहुंच चुकी है लेकिन किडनैप और रिहा होने की इस कहानी की पूरी सच्चाई की पुलिस तहकीकात कर रही है।
गाजियाबाद से कैसे पहुंची पानीपत?
गाजियाबाद से अगवा दीप्ति 36 घंटे बाद पानीपत के रास्ते गाजियाबाद में अपने परिवार के पास लौट आई है। दीप्ति को वापस अपने पास पाकर दीप्ति का पूरा परिवार राहत की सांस ले रहा है। करीब 36 घंटे बाद किडनैपर्स के चंगुल से लौटी दीप्ति भी अपनों के बीच आकर खुश है लेकिन शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को जो किडनैप की पूरी कहानी बताई वो बेहद हैरान करने वाली है।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक दीप्ति ने उसे बताया कि बुधवार को वो वैशाली मेट्रो स्टेशन से अपने कविनगर घर के लिए वो जिस शेयरिंग ऑटो पर सवार हुई थी वो मोहनगनर के पास जाकर खराब हो गया। वहां से दीप्ति दूसरे ऑटो में बैठी और उसी ऑटो में बैठे चार लड़कों ने उसे अगवा कर लिया। उस ऑटो में एक लड़की भी बैठी थी लेकिन बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में उतार दिया और फिर दीप्ति की आंखों पर पट्टी बांध कर दूर कहीं ले गए।
क्या है दीप्ति की 36 घंटे की मिस्ट्री?
एक लड़की को गाजियाबाद के बेहद ही व्यस्त सड़क से चार लड़कों ने किडनैप कर लिया और फिर अगले दिन बिना कोई नुकसान पहुंचाए उसे छोड़ दिया। उसके साथ कुछ गलत नहीं किया, उलटे उसे वक्त-वक्त पर खाना खिलाया और उसकी तिमारदारी की। यही वजह है कि पुलिस लड़की के बयान को अभी सच नहीं मान रही है। वो लड़की के बयान की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही साफ होगा कि सच्चाई क्या है।
घरवालों को अपनी बेटी पर है पूरा यकीन
पुलिस भले ही दीप्ति के बयान की जांच कर सच्चाई जानने का दावा कर रही हो लेकिन घरवालों को अपनी बेटी पर पूरा यकीन है। दीप्ति के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने जो बयान दिया है वो सही है। उनकी बेटी को अगवा किया गया था और फिर आज तड़के किडनैपर्स ने ही उसे हरियाणा के किसी रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया था।
बता दें कि दीप्ति को किडनैप तब किया गया जब वो अपने गुड़गांव से लौटकर गाजियाबाद में अपने घर जा रही थी। दीप्ति के मुताबिक किडनैपर्स ने चाकू की नोंक पर उसे अगवा कर लिया था और आज सुबह किसी रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। अब पुलिस के सामने सवाल है कि अगर दीप्ति सच बोल रही है तो वो किडनैपर्स कौन हैं और किडनैप करने का उनका मकसद क्या था।
आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-
Latest India News