नई दिल्ली: ब्रिटेन और तुर्की की पांच दिवसीय यात्रा समाप्त करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज स्वदेश रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ एकीकृत वैश्विक लड़ाई का आह्वान किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, गुडबाय टर्की। टर्की में जी20 शिखर बैठक में सफलतापूर्वक हिस्सा लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वदेश रवाना।
जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान चर्चा में हिस्सा लेते हुए मोदी ने कहा कि आतंकवाद सबसे बड़ी वैश्विक चुनौती है और इस बुराई के विरूद्ध एकीकृत वैश्विक कार्रवाई का आह्वान किया।
मोदी ने इस दौरान ब्रिक्स देशों के नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया। ब्रिक्स की बैठक में उन्होंने आतंकवादियों की वित्त पोषण आपूर्ति और संचार के स्रोतों को खत्म करने के लिए प्रभावकारी कदम उठाने पर जोर दिया।
तुर्की से पहले पीएम मोदी तीन दिन के दौरे पर ब्रिटेन गए थे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से द्विपक्षीय वार्ता की। उस दौरान ब्रिटेन और भारत के बीच 9 बिलियन पाउंड का समझौता हुआ। इसके अलावा बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ मुलाकात की।
Latest India News