नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि मुद्रा योजना का लाभ करीब 66 लाख लोगों को मिल चुका है, जिसमें लगभग 24 लाख महिलाएं हैं। मुद्रा योजना के तहत कारोबार स्थापित करने के लिए ऋण दिया जाता है।
मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में कहा, "अब तक करीब 66 लाख लोगों को इसका लाभ मिल चुका है और इस योजना के तहत 42 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इन 66 लाख लोगों में 24 लाख महिला हैं।"
उन्होंने कहा कि दलित, जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों ने इसका सर्वाधिक लाभ उठाया है। उन्होंने कहा, "इस योजना से नाइयों, धोबियों, दूध बेचने वालों, अखबार बेचने वालों और ऐसे अन्य छोटे कामगारों की मदद करने की कोशिश की जा रही है, जो देश की अर्थव्यवस्था चला रहे हैं।"
मोदी ने कहा, "यह योजना उद्यम को बढ़ावा देती है, आय का अवसर प्रदान करती है और लोगों का सशक्तीकरण करती है। यह छोटे उद्यमियों की मदद करती है।"
Latest India News