नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने क्लीन गंगा अभियान के तहत एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया है।26 मार्च को होने वाली बैठक में संभवत: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी शामिल होंगी।
कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री इन पांचों राज्यों में गंगा को निर्मल बनाने के लिए शुरू किए गए कार्यो का ब्यौरा मुख्यमंत्रियों से लेंगे। नेशनल गंगा रिवर बेसिन अथॉरिटी की इस बैठक में पांच राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे।
जल संसाधन मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में गंगा नदी की सफाई के लिए जो नया रोडमैप तैयार किया जा रहा है, उसको पीएम मोदी के सामने पेश किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्रियों से इस संबंध में राय ली जाएगी कि वे केंद्र से किस प्रकार की मदद की उम्मीद करते हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने बजट सत्र के दौरान सदन में कहा था कि गंगा में 144 नाले जो सीवेज प्रवाह करते हैं। इनमें सबसे ज्यादा 54 प. बंगाल में हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 51, बिहार में 25 और उत्तराखंड में 14 नाले हैं।
Latest India News