नई दिल्ली: सात दिनों के इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिमी मानसून बुधवार को केरल पहुंच गया। इसके साथ ही देश में आधिकारिक तौर पर मानसून ने दस्तक दे दी है। भारी बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। केरल में कल पहुंचा दक्षिण पश्चिम मानसून गुरुवार को राज्य के बाकी हिस्सों और दूसरे दक्षिणी राज्यों में आगे बढ़ा है साथ ही राजस्थान के कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी है और बीकानेर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के तिरूवंनतपुरम स्थित क्षेत्रीय केंद्र के प्रमुख के संतोष ने बताया, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल और लक्षद्वीप पहुंच गया है। आईएमडी के मुताबिक, तमिलनाडु के अधिकांश हिस्से और कर्नाटक में दक्षिण के दूर-दराज वाले कुछ इलाकों एवं बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी हिस्से में भी यह आगे बढ़ गया है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को उमस का असर रहा और सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली के लिए बारिश, धूल भरी आंधी और बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। केरल के कई इलाकों में बुधवार रात से ही भारी बारिश हो रही है। पुलिस ने बताया कि बारिश के कारण वझवारा में घर पर मिट्टी और चट्टानों के गिर जाने के कारण इडुक्की जिले के पूर्व एसएफआई प्रमुख जोबी जॉन (36) की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गई।
बारिश से मिली राहत
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान बारिश से तापमान में आई गिरावट ने लोगों को राहत दी। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं भारी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी जिलों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक छह सेंटीमीटर वर्षा धौरहडा में रिकार्ड हुई। फैजाबाद और कैसरगंज में चार सेंटीमीटर, सिधौली, बस्ती, सीतापुर, एल्गिन ब्रिज, निघासन और पलियाकलां में तीन तीन सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वाराणसी, फैजाबाद, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर मंडलों में तापमान में गिरावट आई। मेरठ और मुरादाबाद मंडलों में हालांकि दिन के तापमान में वृद्धि हुई। अन्य मंडलों में यह अपरिवर्तित रहा। सबसे अधिक 45. 5 डिग्री सेल्सियस तापमान झांसी में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले दो दिन तक राज्य के अलग अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है।
Latest India News