पन्ना: कभी-कभी जिंदगी में अचानक कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं जो आपकी जिंदगी को पूरी तरह बदल कर रख देती है। ऐसा ही कुछ हुआ है मध्यप्रदेश के पन्ना में खदानों में काम करनेवाले मजदूर देवीदयाल वर्मन के साथ। इन्हें दिन-रात की कमरतोड़ मेहनत का एक बड़ा तोहफा मिला है। खदानों में काम करने के दौरान देवीदयाल को 10 लाख का हीरा मिला।
दहलान चैकी स्थित उथली हीरा खदान में बुधवार को देवीदयाल काम कर रहा था। तभी अचानक उसे यह हीरा मिला। हीरा मिलते ही उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
3.29 कैरेट के हीरे की कीमत 10 लाख रुपए
3.29 कैरेट के इस हीरे की कीमत लगभग 10 लाख रुपए है। मजदूर ने हीरे को दफ्तर में जमा करा दिया है। इस हीरे को अक्टूबर में होनेवाली नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त रुपयों में सरकार 11 फीसदी रॉयल्टी टैक्स लेगी जबकि बाकी के रुपए देवीदयाल के खाते में जमा हो जाएंगे।
देवीदयाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा का रहनेवाला है। वह पन्ना के अजयगढ़ में मकान बनाकर रहता है। उथली हीरा खदान में वह पट्टे पर काम करता है। देवीदयाल का कहना है कि उसे उसकी मेहनत का फल मिल गया है। अब वह इन रुपयों से अपने परिवार का अच्छी तरह से भरण-पोषण कर सकेगा।
देश का एकमात्र हीरा खदान क्षेत्र
मध्यप्रदेश के पन्ना में हीरे की महत्वपूर्ण खदानें हैं। इन खदानों में 17वीं शताब्दी से खुदाई चल रही है। यह भारत में हीरे का उत्पादन करनेवाला एकमात्र खदान श्रेत्र है। इसी वजह से पन्ना को सिटी ऑफ डायमंड भी कहा जाता है।
Latest India News