लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने गुरुवार को दावा किया कि सपा के प्रति भरोसे की वजह से पार्टी को अल्पसंख्यकों का गहरा समर्थन हासिल है और विश्वास के कारण ही यह समुदाय इतने लम्बे वक्त तक सपा से जुड़ा हुआ है।
यादव ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कभी अपने हमसाया रहे बेनी प्रसाद वर्मा की सपा में वापसी के मौके पर संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी के पास मुसलमानों का समर्थन अभी बरकरार है। यह समुदाय कभी इतने लम्बे वक्त तक किसी पार्टी के साथ नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों की हमेशा से उपेक्षा हुई है। अल्पसंख्यकों ने सपा पर विश्वास किया है और बदले में पार्टी ने उनके लिए काम किया है। यादव ने कहा कि प्रदेश का कोई भी ऐसा थाना नहीं है, जहां तीन-चार मुस्लिम सिपाही नहीं हैं। सपा ने यह काम किया है। सपा सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने अपने चुनाव घोषणापत्र के सभी वादे पूरे कर दिए हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की अगुवाई वाले महागठबंधन में शामिल होने की सम्भावना सम्बन्धी सवाल पर सपा मुखिया ने कहा यह सवाल नीतीश कुमार (जदयू अध्यक्ष) से पूछिए। वरिष्ठ काबीना मंत्री आजम खां ने बीच में ही कहा हर राज्य की अलग परिस्थितियां होती हैं। यहां तो हम ही हम हैं। बिहार की बात अलग थी।
Latest India News