नई दिल्ली: मुंबई की लेडी एंकर अर्पिता तिवारी मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। अर्पिता ने 15वीं मंज़िल से कूदकर खुदकुशी नहीं की बल्कि उसका मर्डर हुआ है। पुलिस ने 72 घंटे बाद अर्पिता के केस में हत्या का मामला दर्ज किया है। शक की सुई अर्पिता के ब्वॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों पर घूम रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने भी मान लिया है कि अर्पिता तिवारी ने 15वें माले से कूदकर खुदकुशी नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है।
अर्पिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि मानवस्थल अपार्टमेंट के 1501 नंबर फ्लैट के बाथरूम की खिड़की से गिरने से पहले उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। लिहाजा अब पुलिस के राडार पर अर्पिता के ब्वॉय फ्रेंड पंकज जाधव समेत वो पांचों लोग आ गए हैं जो उस रात फ्लैट में मौजूद थे। जिस वक्त अर्पिता की बॉडी दूसरी मंजिल पर बरामद हुई उस वक्त उसके शरीर पर कपड़े भी कम थे। ऐसे में अर्पिता के पिता ने शक जताया है कि अर्पिता के साथ मर्डर से पहले रेप की कोशिश की गई और नाकाम होने के बाद ही उसका कत्ल कर दिया गया।
जिस रात ये घटना घटी उस रात अर्पिता ने करीब साढ़े दस बजे पिता को फोन किया था और घर पर ही डिनर करने की बात की थी। एक दिन पहले अर्पिता ने घरवालों से गोल्ड में इनवेस्टमेंट करने को लेकर चर्चा की थी। अर्पिता के दोस्तों और घरवालों के मुताबिक ब्वॉयफ्रेंड पंकज जाधव से उसके रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। पंकज ने उसके साथ कई बार मारपीट भी की लिहाज़ा वो उससे रिश्ता खत्म करके जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती थी। लेकिन वो अपने सपने को पूरा कर पाती उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती ये है कि वो अर्पिता के कातिलों तक पहुंचे और इस मर्डर की गुत्थी को जल्द से जल्द सुलझाए।
Latest India News