1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार में आम चुनने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या

बिहार में आम चुनने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को बाग में गिरे आम चुनने की सजा अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

murder of a woman for choosing mangoes- India TV Hindi
murder of a woman for choosing mangoes

मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को बाग में गिरे आम चुनने की सजा अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। मठिया गांव में कुछ लोगों ने कथित रूप से एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

महिला का दोष सिर्फ इतना था कि उसने आंधी में पेड़ से गिरे हुए कच्चे आमों को चुन लिया था। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मठिया गांव निवासी नंद कुमारी कुंअर बुधवार देर शाम गांव के ही बगीचे में गिरे हुए आम चुन रही थी।

इसी दौरान बाग के मालिकों ने उसे देख लिया। बाग मालिकों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

संग्रामपुर के थाना प्रभारी पंकज कुमार ठाकुर ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर हत्या की एक प्राथमिकी संग्रामपुर थाने में दर्ज कर ली गई है, जिसमें गांव के ही दामोदर गिरी, व्यास गिरी सहित सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से सभी आरोप फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छोपमारी कर रही है।

Latest India News