सोनीपत: हरियाणा के मुरथल के पास जाट आरक्षण आंदोलन के सदस्यों द्वारा रेप और छेड़छाड़ के आरोपों के कुछ दिन बाद, एक महिला ने आज आगे बढ़कर इस घटना के संबंध में अपने एक रिश्तेदार सहित सात लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कराया।
हरियाणा पुलिस में डीआईजी राजश्री सिंह ने संवाददाताओं से कहा, नरेला की एक महिला द्वारा आज दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सात लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि पीड़िता का आरोप है कि 22 और 23 फरवरी की दरमियानी रात को उसका बलात्कार किया गया और साजिशकर्ताओं में उसका देवर भी शामिल है। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह सभी आरोपियों को जानती है।
जाट आंदोलन के सदस्यों द्वारा कई महिलाओं के बलात्कार और छेड़छाड़ की कथित घटनाओं पर गौर करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई महिला पुलिस अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम की प्रमुख राजश्री ने हालांकि कहा कि महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराने के पीछे का कारण पारिवारिक विवाद हो सकता है।
अधिकारी ने कहा कि पीड़ित अपराध के सटीक स्थल को लेकर निश्चित नहीं है लेकिन उसका दावा है कि हरिद्वार से एक वैन में दिल्ली के नरेला जाते वक्त मुरथल के पास एक इमारत में उसका बलात्कार किया गया।
हालांकि महिला ने कहा कि उसके साथ मौजूद 15 साल की उसकी बेटी का बलात्कार नहीं किया गया लेकिन उसके कपड़े फाड़े गए। डीआईजी ने कहा कि महिला ने कल उन्हें फोन किया और आज अपना बयान दर्ज कराया।
Latest India News