मुंबई: रायगढ़ जिले के मशहूर मुरूड-जंजीरा बीच के पास अरब सागर में अपने 13 साथियों के साथ डूबे एक कॉलेज छात्र का पता लगाने के लिए नौसेना और तटरक्षक ने आज खोजी अभियान वापस शुरू कर दिए। एक रक्षा प्रवक्ता ने आज सुबह कहा कि नौसेना और तटरक्षक के हेलीकॉप्टरों एवं पोतों ने मुरूड के पास लापता लड़के की हवाई मार्ग से खोज दोबारा शुरू कर दी है। प्रवक्ता ने कहा कि एक नौसैन्य पोत एक्सएफएसी टी81 और आईसीजी पोत अचूक 194 एवं 117 खोज को जारी रख रहे हैं।
तैरने के लिए गए 20 छात्रों में से 13 छात्रों के शव कल ही बरामद हो गए थे जबकि तटरक्षक उस 14वें छात्र की तलाश करते रहे, जो तैरने तो गया था लेकिन लौटा नहीं। एक अधिकारी ने कहा, कुल 13 शव बरामद किए गए, जिनमें से 10 लड़कियां और तीन लड़के हैं। छह छात्रों को या तो बचा लिया गया था या ये किसी तरह से किनारे पर पहुंचने में सफल रहे थे। इन छात्रों को अस्पताल ले जाया गया था और एक छात्र अब भी लापता है। तकरीबन 18 से 20 साल के बीच की उम्र के पुणे के ईनामदार कॉलेज से बीएससी और बीसीए कोर्स कर रहे छात्र तीन बसों में सवार होकर पिकनिक मनाने मुरूड गए थे। कल दोपहर जब ये लोग तैरने के लिए पानी में गए तो समुद्र में बह गए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल कहा कि वह मुरूड की घटना के बारे में जानकर बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।
राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक छात्र के परिवार के लिए दो-दो लाख रूपए देने की घोषणा की है। महाराष्ट्र कॉस्मोपोलिटन एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित पुणे के कॉलेज के ट्रस्टी पी ए ईनामदार ने आरोप लगाया था कि जिस बीच पर छात्र गए थे, वहां कोई लाइफ गार्ड मौजूद नहीं था। इस त्रासदी के बाद से कॉलेज का माहौल बेहद गमगीन है। कॉलेज के अधिकारियों ने कहा कि पिकनिक मनाने गए छात्रों के साथ शिक्षकों समेत लगभग 10 कर्मचारी थे।
Latest India News