1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रेप का वीडियो वायरल होने पर महिला ने दी जान

रेप का वीडियो वायरल होने पर महिला ने दी जान

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में एक महिला से रेप का एमएमएस बनाए जाने के बाद खुदकुशी का मामला सामने आया है। एक आशा कार्यकर्ता ने रेप का वीडियो वायरल होने के बाद जहर खाकर जान दे दी।

suicide- India TV Hindi
suicide

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में एक महिला से रेप का एमएमएस बनाए जाने के बाद खुदकुशी का मामला सामने आया है। एक आशा कार्यकर्ता ने रेप का वीडियो वायरल होने के बाद जहर खाकर जान दे दी। पीड़िता के पति की तहरीर पर छपार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुस्साएं ग्रामीणों और आशा कार्यकर्ताओं ने हाइवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

मामला मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र का है जहां 40 साल की एक विवाहिता आशा कार्यकर्ता के रूप में काम करती थी। पांच दिन पहले गांव का एक युवक शाहिब उसे बुलाने घर आया और कहने लगा कि उसके घर एक महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है। इसके बाद आशा कार्यकर्ता उसके घर गई और गर्भवती महिला को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।

आरोप है कि वापस लौटते समय शाहिब ने आशा कार्यकर्ता को कोई नशीला पदार्थ खिला दिया और उसके साथ रेप करते हुए वीडियो क्लिप बना ली। शाहिब ने वीडियो क्लिप के नाम पर महिला को ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया।

2 दिन पहले यह वीडियो क्लिप गांव के कई लड़कों के मोबाइल तक पहुंच गई। वीडियो क्लिप वायरल होने से परेशान आशा कार्यकर्ता मंगलवार को अपने बच्चे को दवाई दिलाने बरला ले गई। वापस लौटते समय छपरा मोड़ से बच्चे को गांव भेज दिया और खुद जहर खा लिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

मामला दो समुदायों का होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पुलिस आरोपी तक पहुंच गई है और कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

Latest India News