नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 सूखा प्रभावित राज्यों में हालात का जायजा लेने के तहत तेलंगाना और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को आज बैठक के लिए बुलाया है। सूत्रों ने बताया कि मोदी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अलग-अलग मुलाकात करेंगे। 11 सूखा प्रभावित राज्यों में हालात की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री की कवायद के तहत ये बैठकें होंगी।
वह उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों से बीते शनिवार को मिल चुके हैं। उन बैठकों के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि केंद्र और राज्यों को सूखा से लोगों को पेश आ रही समस्याओं को कम करने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने मध्यम अवधि के और दीर्घकालीन समाधानों पर जोर देने की हिमायत की थी।
मोदी ने जल संरक्षण और रिचार्ज स्ट्रक्चर की योजना के लिए सुदूर संवेदन जैसी प्रौद्योगिकी और उपग्रह से लिए चित्रों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
उन्होंने वैग्यानिक सलाह पर आधारित फसल पद्धति में बदलाव करने, जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए ड्रिप एंड स्पि्रंकलर सिंचाई का इस्तेमाल किए जाने, बेहतर जल प्रबंधन के लिए सामुदायिक और खासतौर पर महिलाओं की भागीदारी की जरूरत पर जोर दिया था।
Latest India News