1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर हिंसा पर PM मोदी की हाई लेवल मीटिंग आज, करेंगे हालात की समीक्षा

कश्मीर हिंसा पर PM मोदी की हाई लेवल मीटिंग आज, करेंगे हालात की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीका के 4 देशों का आधिकारिक दौरा पूरा करने के बाद आज भारत वापस आकर कश्मीर के हालात पर समीक्षा के लिए एक हाई लेवल मीटिंग करेंगे।

Narendra Modi- India TV Hindi
Narendra Modi

नई दिल्ली: आतंकी बुरहान वानी के एनकाउंटर के बाद कश्मीर में भड़की हिंसा में कुछ कमी आई है लेकिन हालात पूरी तरह से सामान्य नहीं हुए हैं। हिंसा में अब तक 23 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 200 लोग जख्मी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीका के 4 देशों का आधिकारिक दौरा पूरा करने के बाद आज भारत वापस आकर कश्मीर के हालात पर समीक्षा के लिए एक हाई लेवल मीटिंग करेंगे। इससे पहले PM मोदी ने केन्या से बिना नाम लिए पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा था।

कश्मीर के हालात पर केंद्र की नजरें जमी है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में कल एक हाईलेवल बैठक की थी जिसके बाद सभी राजनीतिक दलों को हालात की जानकारी दी गई।

राज्य सरकार भी अमन बहाली की हर मुमकिन कोशिशों में जुटी रही। सीएम महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को श्रीनगर में सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होने कहा कि घाटी में कुछ तत्व अपने निहित स्वार्थों को पूरा करने के लिए अशांति पैदा करने पर आमादा हैं और वे निर्दोष जिंदगियों के साथ खेल रहे हैं।

अलगाववादियों ने दो दिनों के बंद का ऐलान कर कश्मीर के माहौल को और गर्मा दिया है। आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद सभी अलगाववादी नेता एक साथ आ गए है और कश्मीर में आज और कल बंद का ऐलान किया है।

तनाव को देखते हुए कश्मीर के कई इलाकों में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। 8 पुलिस थानों में पूरी तरह से कर्फ्यू लागू। साथ ही दक्षिण कश्मीर के 4 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी ठप रहीं।

Latest India News