1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM नरेंद्र मोदी की 5 देशों की यात्रा शुरू, अफगानिस्तान पहुंचे

PM नरेंद्र मोदी की 5 देशों की यात्रा शुरू, अफगानिस्तान पहुंचे

नरेंद्र मोदी आज 5 देशों की यात्रा पर रवाना होंगे, जिसमें अफगानिस्तान, कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मैक्सिको शामिल है।

Narendra Modi arrives in Afghanistan.- India TV Hindi
Narendra Modi arrives in Afghanistan.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी 5 देशों की यात्रा को शुरू करते हुए अफगानिस्तान पहुंचे। PM मोदी अफगानिस्तान में सलमा बांध का उद्घाटन करेंगे, जिसका भारत ने 1400 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया है। PM की 5 देशों की यात्रा में अफगानिस्तान, कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मैक्सिको शामिल हैं।

अफगानिस्तान के बाद PM मोदी कतर जाएंगे। 2 दिनों की यात्रा के दौरान मोदी अमिर शेख तामिम बिन हमाद अल थानी के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कतर यात्रा के बाद PM मोदी वहां से वह स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होंगे।

Narendra Modi reaches Afghanistan.

कतर के बाद स्विट्जरलैंड के लिए होंगे रवाना

नरेंद्र मोदी स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जोहान स्निडर अम्मानन समेत स्विस नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे और ऐसी संभावना है कि वे स्विट्जरलैंड में भारतीयों के कालाधन का पता लगाने के लिए उनसे सहयोग मांगेंगे। सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के अधिकारी एक समझौते को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं जो कर से जुड़े मुद्दों पर सूचनाओं के आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करेगा।

स्विट्जरलैंड सरकार ने 18 मई को एक अध्यादेश पर विचार विमर्श शुरू किया है ताकि एक ऐसा तंत्र बनाया जा सके जो भारत एवं अन्य देशों के साथ कर सूचनाओं के तुरंत आदान प्रदान का मार्ग प्रशस्त कर सके।

7 जून को अमेरिका जाएंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के निमंत्रण पर 7 जून को अमेरिका जाएंगे, जहां वह रक्षा, सुरक्षा और उर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। PM मोदी वहां अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।

अमेरिका से वापसी में वह मैक्सिको जाएंगे, जहां भारत की नजरें कारोबार और निवेश संबंधों पर लगी हैं। पिछले वर्ष सितंबर में संयुक्त राष्ट्र यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में मोदी और मैक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना नीटो के साथ बातचीत हुई थी।

Latest India News