अहमदाबाद: विश्व हिंदू परिषद नेता प्रवीण तोगडि़या ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवाद के आरोपी हाफिज सईद, जकी-उर-रहमान लखवी और दाउद इब्राहिम को पाकिस्तान से भारत लायेंगे।
दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल द्वारा यहां आयोजित अखंड भारत संकल्प रैली के दौरान तोगडि़या ने कहा चूंकि दोनों देशों के बीच 23 अगस्त को बातचीत प्रस्तावित है, मुझे विश्वास है कि हमारे नरेंद्र भाई दाउद, लखवी और हफीज को भारत लायेंगे और उनके अपराध के लिए उन्हें दिल्ली में फांसी पर लटकाएंगे।
कश्मीर में हाल में प्रदर्शन के दौरान आईएसआईएस का झंडा लहराने के बारे में संवाददाताओं द्वारा पूछे जाने पर तोगडि़या ने कहा कि प्रतिरोधक के तौर पर ऐसे प्रदर्शनकारियों को गोली मार देना चाहिए।
उन्होंने कहा पाकिस्तान बातचीत की भाषा नहीं समझता है। वे लोग केवल मिसाइलों और टैंकों की भाषा समझते हैं। इसलिए हम लोगों को उन्हें उसी भाषा में समझाना होगा जो वह समझते हैं।
Latest India News