1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'मन की बात' कर PM मोदी ने बढ़ाया रियो ओलंपिक के लिए टीम का हौंसला

'मन की बात' कर PM मोदी ने बढ़ाया रियो ओलंपिक के लिए टीम का हौंसला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फिर अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए लोगों से बात की। PM मोदी ने रियो ओलंपिक में भारतीय दल को खेल के मैदान पर ही नहीं बल्कि अपने आचरण से दुनिया का दिल जीतने का आह्वान किया।

Narendra Modi- India TV Hindi
Narendra Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फिर अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए लोगों से बात की। PM मोदी ने कई अहम मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने रियो ओलंपिक में जाने वाले भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, 15 अगस्त को जब देश में आजादी की सालगिरह पर तिरंगा फहराया जायेगा तो उसी कालखंड में रियो में कहीं न कहीं तिरंगा जरूर लहरायेगा।

PM मोदी ने रियो ओलंपिक में भारतीय दल को खेल के मैदान पर ही नहीं बल्कि अपने आचरण से दुनिया का दिल जीतने का आह्वान किया।

मोदी ने कहा, जब विदेश में हमारा दल जाता है तो सिर्फ खेल के मैदान में हिन्दुस्तान नजर नहीं आता। पूरे ओलंपिक में उसका बोलना, चालना, उठना बैठना। मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी, हमारे भारत का यह दल पूरी दुनिया के दिल को अपने आचरण से जीतेगा। अपने आचरण से भारत की महान विरासत का परिचय करायेगा।

उन्होंने देशवासियों की ओर से भारतीय दल को शुभकामना देते हुए कहा, मैं भारत के 119 खिलाडि़यों को कहना चाहता हूं कि दुनिया भर से बहुत से खिलाड़ी आये होंगे लेकिन आपके पीछे 125 करोड़ देशवासी जी जान से खड़े हैं। जब 15 अगस्त को हम हिन्दुस्तान में आजादी की 70वीं जयंती का तिरंगा फहरायेंगे, मुझे विश्वास है कि इसी कालखंड में रियो में हर दिन कहीं ना कहीं तिरंगा फहराने का सौभाग्य प्राप्त होगा।

गर्भवती महिलाओं से नि:शुल्क जांच का वादा

नरेंद्र मोदी ने गर्भावस्था संबंधी मौतों और अन्य जटिलताओं पर चिंता जताते हुए रविवार को कहा कि देश के सरकारी अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी। 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान देश को संबोधित करते हुए मोदी ने देशभर के चिकित्सकों से अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को महीने में एक बार नि:शुल्क चिकित्सा सहायता प्रदान करने के सरकार के मिशन में शामिल होने की अपील की।

मोदी के अनुसार, "भारत सरकार ने ऐसी महिलाओं की मदद के लिए एक मिशन शुरू किया है। कई चिकित्सकों ने पहले ही मुझे इसके लिए लिखित स्वीकृति दी है, लेकिन हमें अधिक चिकित्सकों की आवश्यकता होगी।"

उन्होंने कहा कि हर महीने की नौ तारीख को सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच की जाएगी और उन्हें चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी।

Latest India News