नई दिल्ली: इलाहाबाद के संगम में नालों के पानी के प्रवाह के अलावा कुंभ तथा अन्य धार्मिक गतिविधियों के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों द्वारा स्नान किए जाने से गंगा और यमुना नदियों के पानी की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
जल संसाधन राज्य मंत्री सांवर लाल जाट ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों के सवालों के जवाब में बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कुंभ मेले के दौरान इलाहाबाद के संगम में चिन्हित स्थलों पर पानी की गुणवत्ता की निगरानी करता है ताकि पानी की गुणवत्ता स्नान के नियमों के अनुरुप सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर स्नान तथा अन्य धार्मिक गतिविधियों और गंदा पानी छोड़े जाने के कारण संगम पर गंगा और यमुना नदियों के पानी की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
मंत्री ने बताया कि संगम में पानी की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए कुंभ के दौरान पोलिथीन पर प्रतिबंध, नदियों में फूल तथा पूजा सामग्री प्रवाहित किए जाने से बचने के संबंध में जागरूकता फैलाने जैसे उपाय किए जाते हैं।
Latest India News