1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नेशनल हाईवे नंबर 91 पर पुलिस, गांव वालों के बीच जबरदस्त झड़प

नेशनल हाईवे नंबर 91 पर पुलिस, गांव वालों के बीच जबरदस्त झड़प

यूपी के बुलंदशहर के नेशनल हाईवे नंबर 91 पर कल शाम पुलिस और गांव वालों के बीच जबरदस्त झड़प हुई... उपद्रवियों ने हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया और जाम में फंसी

NH 91- India TV Hindi
NH 91

यूपी के बुलंदशहर के नेशनल हाईवे नंबर 91 पर कल शाम पुलिस और गांव वालों के बीच जबरदस्त झड़प हुई... उपद्रवियों ने हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया और जाम में फंसी गाड़ियों में जबरदस्त तोड़फोड़ भी की। लोगों को काबू करने के लिए पुलिस को लाठी आंसू गैस के साथ फायरिंग का भी सहारा लेना पड़ा।

बुलंदशहर में नेशनल हाइवे 91 पर शुक्रवार दोपहर एक प्राइवेट बस ने एक बाइक पर सावर तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीनों बाइक सवारों की मौत हो गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया. इन्होंने पहले गाड़ियों का रास्ता रोका जिससे करीब सात आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बाद में भीड़ में मौजूद बदमाशों ने जाम में खड़ी गाडियों पर हमला करना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतको के परिजनो को 5-5 लाख रूपये मुआवजा और आश्रितो को जमीन के पट्टे दिये जाने की माँग कर रहे थे।

हर रोज़ की तरह शुक्रवार को भी नेशनल हाइवे नंबर 91 पर ट्रैफिक और हालात सामान्य थे लेकिन दोपहर होते होते तस्वीर बदलती चली गई और हाथों में लाठी- डंडे लिए उपद्रवियों की भीड़ हाइवे पर कोहराम मचाने लगी। भीड़ ने रोडवेज़ की बसों के शीशे चकनाचूर कर दिए। भड़की हुई भीड़ ने महिलाओं तक को नहीं बख्शा। वैन में बैठी महिलाएं जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर वैन से उतर भागी। 

इसके बाद भीड़ ने सड़क पर मौजूद किसी भी गाड़ी को नहीं बख्शा और ट्रक, बस, कार जो कुछ भीड़ के रास्ते में आते गए, भीड़ उसे तहस-नहस करती हुई आगे बढ़ती गई।

नाराज़ गांववालों ने झाड़ियों में भी आग लगाई। हालात बिगड़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी और देखते ही देखते सड़क जंग का मैदान बन गई। गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने पहले लाठियों का सहारा लिया फिर आंसूगैस के गोलों से भीड़ को तितर बितर करने की भी कोशिश हुई। नेशनल हाइवे पर मचे इस हंगामे में खबर ये भी आई को पुलिस ने लोगों पर फायरिंग भी की लेकिन गनीमत ये रही कि कोई शख्स पुलिस की गोली का निशाना नहीं बना।  

हंगामा बढ़ने पर स्थानीय पुलिस और आला अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उचित कार्रवाई करने और मांगें मानी जाने का वादा भी किया था लेकिन इसके बाद भी गुस्साए गांववालों ने सड़क से जाम नहीं हटने दिया, उल्टे पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया और इसी के बाद पुलिस को एक्स्ट्रा फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस की मदद से नेशनल हाइवे पर गाड़ियों की आवाजाही को फिर से शुरू करवाया।

पुलिस अफसरों का कहना है कि कैमरों में कैद हंगामे की तस्वीरों की मदद से प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस ने हादसे में मारे गए तीनों लोगों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Latest India News