नई दिल्ली: देश भर में ट्रेड यूनियन की हड़ताल हिंसक हो चुकी है। 10 सेंट्रल ट्रेड यूनियंस के 15 करोड़ कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। सड़कों पर गुंडागर्दी हो रही है, ट्रेनें रोकी जा रही हैं, सड़कों पर पथराव हो रहा है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बंद को लेकर TMC और CPM कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है, जमकर पथराव भी हुआ, लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ भी की है, बंद समर्थकों और पुलिस के बीच भी झ़ड़प हुई। इसमें कई लोग घायल हो गए हैं।
वहीं पश्चिम बंगाल के ही नॉर्थ 24 परगना में बंद समर्थकों ने ट्रेन रोकने की कोशिश की। बंद समर्थक हाथ में झंडे लेकर ट्रेन के सामने खड़े हो गए। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रेल पटरी से लोगों को हटाकर ट्रेन को रवाना किया।
राजधानी दिल्ली में बंद समर्थक ऑटो वाले गुंडागर्दी पर उतारू दिखे। एक ऑटो वाला मरीज को लेकर RML हॉस्पिटल जा रहा था लेकिन बंद समर्थक ऑटो वालों ने उसे पहले रोका फिर पिटाई की और इसके बाद ऑटो को भी नुकसान पहुंचाया।
बिहार से तमिलनाडु में भी कई जिलों में बंद समर्थकों ने ट्रेन रोकने की कोशिश भी की। आरा में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन रोकने की कोशिश की। लोग ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए और हाथों में बैनर पोस्टर तख्तियां लेकर लोग हंगामा करने लगे। काफी देर तक ट्रैक पर ट्रेन यूं ही खड़ी रही।
चेन्नई में बड़ी तादाद में बंद समर्थक रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए और ट्रेन रोकने की कोशिश की।प्रदर्शनकारी ट्रेन की इंजन पर चढ़ गए। काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रेलवे ट्रैक से हटाया गया।
Latest India News