1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सत्ताधारी महागठबंधन से जनता का मोहभंग: राजग

सत्ताधारी महागठबंधन से जनता का मोहभंग: राजग

बिहार के मधुबनी जिले के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) की जीत से राजग उत्साहित हैं, वहीं इस जीत को बिहार की जनता की जीत बता रहे हैं।

bihar- India TV Hindi
bihar

पटना: बिहार के मधुबनी जिले के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) की जीत से राजग उत्साहित हैं, वहीं इस जीत को बिहार की जनता की जीत बता रहे हैं। राजग के नेता इस परिणाम को महागठबंधन से लोगों का मोहभंग होना बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे सहानुभूति की लहर बता रही है। हरलाखी में रालोसपा के उम्मीदवार सुधांशु शेखर ने सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के मोहम्मद शब्बीर को 18,600 से ज्यादा मतों से पराजित किया। हरलाखी में जीत की सूचना मिलने के साथ ही राजग के नेता पटना से लेकर मधुबनी तक जश्म मनाने लगे। रालोसपा कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं।

रालोसपा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह जीत बिहार की जनता की जीत है। इस परिणाम ने यह साबित कर दिया कि बिहार के लोगों को सत्ताधारी महागठबंधन से मोहभंग हो चुका है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में जीत का अंतर करीब 4000 था वहीं इस बार जीत का अंतर 18000 से ज्यादा है। इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि राजग के प्रत्याशी को सहानुभूति का फायदा मिला। पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में रालोसपा के उम्मीदवार बसंत कुशवाहा इस सीट से 3892 मतों से विजयी हुए थे।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के दिवंगत विधायक बसंत कुशवाहा के पुत्र सुधांशु शेखर को अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि महागठबंधन ने कांग्रेस के मोहम्मद शब्बीर को चुनाव मैदान में उतारा था। उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के विधायक बसंत कुशवाहा का निधन हो जाने के कारण यह सीट खाली हो गई थी।

Latest India News