सलमान को क्यों हुई सजा:
क्या था मामला-
दरअसल सलमान से जुड़ा मामला करीब 13 साल पुराना है। बात 27-28 दिसंबर 2002 की है। इस दिन सलमान अपने कुछ दोस्तों के साथ रेन बार गए थे। इस बार में सलमान और उनके दोस्तों ने बीयर और खाना आर्डर किया। बार से निकलने के बाद सलमान एक पांच सितारा होटल गए। यहां पर उन्होंने एक व्हाइट रम और कॉकटेल का ऑर्डर दिया। जानकारी के मुताबिक सलमान ने नशे में होने के बावजूद गाड़ी ड्राइव की। सलमान टोयोटा लैंड क्रूजर कार चला रहे थे। सलमान को उनका सुरक्षा गार्ड बार बार धीरे गाड़ी चलाने का आग्रह कर रहा था, लेकिन सलमान नहीं माने और उन्होंने बांद्रा इलाके में एक बेकरी के सामने फुटपाथ पर सो रहे 5 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। गौरतलब है कि सलमान को इस मामले में हादसे की अगली सुबह गिरफ्तार किया गया था हालांकि जल्द ही उन्हें जमानत मिल गई थी।
क्या मिली सजा-
जज ने अदालत में ही सलमान से कहा था कि इस मामले में 10 साल की सजा बनती है। सलमान पर 304 (2) गैरइरादतन हत्या का आरोप लगा था। अदालत ने अपने अंतिम फैसले में सलमान को पांच साल जेल की सजा सुनाई है। सलमान का पहले मेडिकल चेकअप किया जाएगा और फिर उन्हें ऑर्थर जेल ले जाया जाएगा।
हालांकि सजा की अवधि को लेकर कोर्ट में भी बहस हुई थी। सलमान के वकील ने कोर्ट को दलील दी थी कि सलमान का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और अगर उन्हें जेल हुई तो उन्हें मुश्किल हो सकती है। उनके वकील ने कोर्ट को यह भी बताने की कोशिश की कि सलमान बीईंग ह्यूमन के जरिए समाज सेवा का काम करते हैं।
Latest India News