बिजनौर: एनआईए अधिकारी तंजील अहमद और उनकी पत्नी पर 3 अप्रैल को जानलेवा हमला करने के मामले में दो और व्यक्तियों को आज गिरफ्तार किया गया है। इन्हें मिला कर इस मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। सहायक पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि रिजवान और तंजीम को आज सुबह गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया।
तीन अप्रैल की रात जानलेवा हमले में तंजील अहमद की मौके पर ही मौत हो गई थी और उनकी पत्नी फरजाना खातून गंभीर रूप से घायल हो गई थीं जिन्होंने आज एम्स में दम तोड़ दिया। एनआईए ने एक बयान में कहा कि आज सुबह 10 बज कर 45 पर उन्होंने दम तोड़ दिया। गोली लगने से घायल फरजाना खातून का एम्स के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था।
जब हमलावरों ने हमला किया उस समय तंजील फरजाना और अपने दोनों बच्चों के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पठानकोट आतंकी हमले की जांच कर रही टीम के सदस्य रहे एनआईए के इंस्पेक्टर तंजील अहमद को गोलियों से भून दिया गया, जबकि उनकी पत्नी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस मामले में कल गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों रेहान और जैनुल ने दावा किया था कि षड्यंत्र में रिजवान और तंजीम भी शामिल थे। इसके बाद रिजवान और तंजीम को आज गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच अभी जारी है और कथित मुख्य षड्यंत्रकारी को पकड़ने के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि सुनियोजित तरीके से किए गए इस हमले में हमलावरों ने 45 वर्षीय अहमद के शरीर में 24 गोलियां दाग दी थी, जबकि उनकी पत्नी फरजाना को चार गोलियां लगी थीं। हालांकि इनके बच्चे (14 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटा) वैगन-आर कार की पिछली सीट के नीचे छिप गए थे जिससे इनकी जान बच गई।
बताया जाता है कि इस मामले में कल गिरफ्तार किए दो आरोपी रेहान और जैनुल दो और तीन अप्रैल की दरम्यानी रात को तब तंजील की गाड़ी का पीछा कर रहे थे जब वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक रिश्तेदार के विवाह समारोह से लौट रहे थे।
Latest India News